गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत भाजपा नेता मनोहर पर्रिकर के बेटे उत्पल पर्रिकर भाजपा का साथ छोड़ दिया है. वे अपने पिता के विधानसभा सीट पणजी से चुनाव लड़ना चाहते थे। लेकिन पार्टी ने टिकट नहीं दिया तो नाराज़ हो गये. पार्टी ने यहां से वर्तमान विधायक बाबुश मोनसेराटे को टिकट दिया। शुक्रवार को उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर साफ कर दिया कि वे पणजी सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ेंगे। बीजेपी छोड़कर उन्होंने किसी दूसरी पार्टी में जाने से इनकार किया। उत्पल ने कहा कि मैं बीजेपी के टिकट से चुनाव लड़ना चाहता था। मैंने पिछले और इस चुनाव के दौरान अपनी पार्टी को यह समझाने की पूरी कोशिश की कि मुझे न केवल पार्टी के सभी सदस्यों का, बल्कि पणजी के लोगों का भी समर्थन हासिल है। इसके बावजूद मैं पणजी से उम्मीदवारी नहीं कर पा रहा था। यहां से किसी ऐसे व्यक्ति को टिकट दिया गया है, जो पिछले 2 साल में पार्टी में आया है। पणजी की जनता का समर्थन मेरे साथ है।
गुरुवार को बीजेपी ने गोवा विधानसभा चुनाव के लिए 34 उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की थी। जिसमें उत्पल का नाम नहीं था। गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा था कि उत्पल को दो अन्य सीट से चुनाव लड़ने का ऑफर दिया गया है। भाजपा के केंद्रीय नेता उत्पल के साथ बातचीत कर रहे हैं। हालांकि उत्पल पणजी छोड़कर कहीं और से चुनाव लड़ने के लिए तैयार नहीं हुए।
बताते चले कि मनोहर पर्रिकर गोवा में BJP के सबसे बड़े नेता थे। वे यहां के लोकप्रिय मुख्यमंत्री भी रहे। बाद में मोदी सरकार में उन्हें रक्षा मंत्री बनाया गया। उनके बेटे का चुनाव से पहले पार्टी छोड़ना BJP को नुकसान पहुंचा सकता है।

