झारखण्ड के राज्यपाल रमेश बैस ने मुख्य सचिव को राजभवन बुलाकर पत्थर खदान लीज मामले की जानकारी ली. भाजपा नेता द्वारा मुख्यमंत्री पर लगाये गये आरोप और केंद्र सरकार की ओर से मांगी गई रिपोर्ट के संबंध में पूछताछ की है. उनसे पत्थर लीज से संबंधित कागजात उपलब्ध कराने के लिये कहा गया है. इसकी पूरी रिपोर्ट गृह मंत्रालय को भेजी जाएगी. भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने हेमंत सोरेन पर अपने नाम से पत्थर खदान का लीज लेने का आरोप लगाया है.
पूर्व सीएम बाबूलाल मरांडी और दीपक प्रकाश ने राज्यपाल से इस सम्बन्ध में शिकायत की थी. साथ ही मुख्यमंत्री को विधान सभा की सदस्यता से बर्खास्त करने के साथ उन्हें सीएम के पद से हटाने की भी मांग की. भाजपा नेताओं ने राज्यपाल के माध्यम से गृह मंत्रालय को भी ज्ञापन प्रेषित किया था. राज्यपाल रमेश बैस की ओर से ज्ञापन प्राप्त होने के बाद गृह मंत्रालय सक्रिय हो गया है. रघुवर दास ने सीएम के भाई बसंत सोरेन पर भी खनन कंपनी ग्रैंड माइनिंग में पार्टनर होने का आरोप लगाया था. यह भी कहा था कि उस कंपनी पर सरकार का आठ करोड़ बकाया है. उन्होंने दोनों पर सरकार से दोहरा लाभ लेने का आरोप लगाते हुये इनकी विधानसभा सदस्यता खत्म करने की मांग की.

