रांची.जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के बरझोपड़ी निवासी सोमा बड़ाईक ने फंदे से झूलकर आत्महत्या कर ली. सोमा का शव बुधवार की सुबह उसके घर के कमरे से बरामद किया गया. बताया जा रहा है कि शराब का सेवन करने की वजह से सोमा अक्सर पत्नी के साथ झगड़ा किया करता था.आशंका जतायी जा रही है कि झगड़ा के कारण ही सोमा ने नशे की हालत में फंदे से झूलकर आत्महत्या की होगी. सोमा झोपड़ी बस्ती में ही पत्नी और बच्चे के साथ रहता था. मंगलवार को नशे की हालत में सोमा घर पहुंचा. किसी बात को लेकर सोमा और उसकी पत्नी के बीच विवाद हुआ. बात इतनी बढ़ गयी कि दोनों के बीच हाथापायी हुई. इसी दौरान सोमा की पत्नी बच्चे के साथ घर से निकल गई और पड़ोसी के घर में जाकर सो गयी. बुधवार की सुबह जब वह घर पहुंची तो दरवाजा खुला था. अंदर जाकर देखी कि कमरे में रस्सी का फंदा लगाकर छत के एंगल से सोमा लटका हुआ है. यह देखते ही सोमा की पत्नी ने शोर मचाया. आवाज सुनकर आसपास के लोग जमा हुए. घटना की जानकारी मिलने के बाद जगन्नाथपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची. शव का पचनामा कराकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
