झारखण्ड में नक्सल विरोधी अभियान में पुलिस को एक और सफलता हाथ लगी है. भाकपा माओवादियों के रीजनल कमांडर रवींद्र गंझू के दो हार्डकोर नक्सलियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. पकडे गये दोनों नक्सलियों की पहचान सबजोनल कमांडर सुदर्शन भुइयां उर्फ नंदकिशोर भगत व बालक गंझू साथ के रूप में हुई है. पुलिस ने बताया कि दोनों पर पांच लाख रुपये का इनाम है। पुलिस इनके पास से भारी मात्रा में हथियारों का जखीरा भी बरामद किया है. बरामद 23 हथियारों में से 19 हथियार पुलिस से लूटे गए थे। नक्सली सुदर्शन पर विभिन्न थानों में 57 केस दर्ज हैं, जबकि बालक पर 25 मामले दर्ज हैं।
आईजी अभियान अमोल वी. होमकर ने बताया कि लातेहार, लोहरदगा के सीमावर्ती गांव बुलबुल, सहेदाटोली, नारायणपुर के आसपास के जंगलों में रवींद्र गंझू का दस्ता बॉक्साइट माइंस में घटना करने की फिराक में था। सूचना पर झारखंड जगुआर, सीआरपीएफ और पुलिस टीम ने कार्रवाई शुरू की। इसमें अब तक 11 कुख्यात उग्रवादी पकड़े गए हैं। 17 दिन में बुलबुल जंगल से नक्सलियों का सफाया हो गया है और 11 बड़े नक्सली पकड़े गए हैं। पुलिस ने 28 से ज्यादा अत्याधुनिक हथियार, 2000 से ज्यादा कारतूस और अन्य सामान जब्त किए हैं।

