पाकिस्तान से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां के लाहौर शहर में गुरुवार को एक के बाद एक चार जबरदस्त धमाके हुए हैं। इन धमाकों में अब तक तीन लोगों की मौत की खबर सामने आ रही है। वहीं 20 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। ये धमाके शहर के लाहौरी गेट के पास अनारकली बाजार में हुए हैं। भीड़-भाड़ वाले इलाके में हुए इन धमाके के पीछे का मकसद दहशत फैलाना ही बताया जा रहा है। हालांकि अब तक आधिकारिक तौर पर धमाके को लेकर किसी ने जिम्मेदारी नहीं ली है और ना ही कारणों का पता चला है।
लाहौर के अनारकली बाजार में हुए ये धमाके इतने जबरदस्त थे कि घटनास्थल के आस-पास की दुकानों और इमारतों की खिड़कियां टूट गईं। वहीं, पास में खड़ी मोटरसाइकिलों को भी नुकसान पहुंचा है। फिलहाल घटनास्थल पर पुलिस पहुंच चुकी है और राहत एवं बचाव का कार्य जारी है।

