चारा घोटाले के डोरंडा कोषागार से 139.35 करोड़ की अवैध निकासी के मामले में दोषी करार लालू यादव को सीबीआई की विशेष अदालत ने लालू यादव को 5 साल की सजा के साथ 60 लाख का जुर्माना भी लगाया है. अदालत द्वारा सजा सुनाये जाने के बाद लालू यादव के पुत्र और बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव गुस्से में थे. उन्होंने कहा कि देश में चारा घोटाले के अलावा क्या कोई और स्कैम नहीं हुआ है. देश में क्या एक ही घोटाला और एक ही नेता है. सिर्फ बिहार में ही 80 से ज्यादा घोटाले हो चुके हैं लेकिन सीबीआई, ईडी और एनआईए कहां है? सीबीआई विजय माल्या, नीरव मोदी, मेहुल चोकसी को भुला चुकी है.
इसके साथ ही तेजस्वी यादव ने कहा कि ये आखिरी फैसला नहीं है. देश में अभी हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट है. हमे आशा है कि निचली अदालत का फैसला वहां से बदला जाएगा. फ़िलहाल कोर्ट के फैसले पर कोई टिप्पणी करना सही नहीं है.
राजद के महासचिव और वरिष्ठ नेता अब्दुल बारी सिद्दीकी ने लालू प्रसाद यादव की सजा के खिलाफ हाई कोर्ट जाने की बात दोहराई.

