उत्तर प्रदेश के हरदोई में एक रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अहमदाबाद ब्लास्ट केस का जिक्र किया और अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी पर हमला बोला.पीएम मोदी ने कहा, ‘इनका जो चुनाव चिन्ह साइकल है उस पर अहमदाबाद में बम रखे गए थे, तब मैं गुजरात का मुख्यमंत्री था.’
पीएम मोदी ने कहा, जब मैं गुजरात का मुख्यमंत्री था, तो उस दौरान अमदाबाद में भी सीरियल बम धमाके हुए थे. मैं उस दिन को कभी भूल नहीं सकता. उसी दिन मैंने संकल्प लिया था कि मेरी सरकार इन आतंकवादियों को पाताल से भी खोजकर सजा देगी. उन्होंने कहा, कभी मुंबई में बम फटते थे, तो किसी दिन दिल्ली में, जयपुर, बेंगलुरू, हैदराबाद, गुवाहाटी, लुधियाना, अगरतला, इंफाल, कितने ही शहर उस दौरान बम धमाकों से धर्राए, कितने ही निर्दोष नागरिक उन हमलों में मारे गए.पीएम ने कहा कि 2007 में लखनऊ, अयोध्या के कोर्ट परिसर में बम धमाके हुए थे. 2013 में समाजवादी सरकार ने तारिक काजमी नाम के आतंकी से मुकदमा वापस ले लिया था. लेकिन इस मामले में भी अदालत ने समाजवादी सरकार की साजिश नहीं चलने दी और उस आतंकी को आजीवन कारावास की सजा सुनाई.
पीएम ने कहा कि आप सभी जानते हैं कि जब आतंकी हमला होता है, आतंकवाद बढ़ता है तो इसका सबसे ज्यादा नुकसान, गरीब को, मध्यम वर्ग को उठाना पड़ता है. जब आतंकी हमला होता है तो सामान्य मानवी की जिंदगी प्रभावित होती है, व्यापार प्रभावित होता है, पर्यटन ठप पड़ जाता है.

