धनबाद: आरएस मोड़ कॉलेज गोविंदपुर परिसर में धनबाद पुलिस द्वारा विधिक जागरुकता शिविर का आयोजन किया गया. पुलिस से जनता का जुड़ाव और जन जागरूकता को लेकर आयोजित “पुलिस की पाठशाला” नामक इस कार्यक्रम में कॉलेज के छात्र-छात्राओं से यातायात नियमों, साइबर सुरक्षा, महिला एवं बाल सुरक्षा, नशे से बचाव एवं घरेलु हिंसा से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई. कानूनी नियमों के पालन करने के लिए प्रेरित किया.
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) रीष्मा रमेशन ने छात्र छात्राओं को संबोधित करते हुए समाज को सुरक्षित बनाने के लिए छात्रों से जागरुक रहने की अपील की. पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ने अपने संबोधन में महिला सुरक्षा से जुड़े पहलुओं पर चर्चा करते हुए कहा कि समाज मे महिलाओं के साथ हो रहे दुर्व्यवहार और उत्पीड़न को दूर करने में आज के युवा अहम भूमिका निभा सकते हैं. उन्होंने भ्रूण हत्या, दहेज उत्पीड़न, बाल उत्पीड़न और मानव तस्करी जैसे गंभीर अपराधों पर विस्तार से चर्चा करते हुए इन कुरीतियों को समाज से दूर करने की अपील की. उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि धनबाद पुलिस जनता की सुरक्षा को लेकर हमेशा ही गंभीर रही है. यही वजह है कि पुलिस की हर मुहिम को समाज के हर वर्ग का निरंतर सहयोग मिल रहा है और ऐसे में अगर विद्यार्थी अपने अधिकार एवं कर्तव्यों के प्रति सजग रहेंगे तो काफी हद तक समाज से बुराईयों को कम किया जा सकता है. छात्रों को सुरक्षा की गारंटी देते हुए कहा कि कभी भी किसी तरह की समस्या पर वे सीधे पुलिस से सम्पर्क कर सकते हैं. मौके पर सहायक पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय अमर कुमार पांडे, पुलिस उपाधीक्षक (साइबर) सुमित सौरभ लकड़ा एवं यातायात निरीक्षक राजेश्वर वर्मा ने भी सम्बन्धित विषयों पर युवाओं को जागरूक किया.
डीएसपी (सायबर) सुमित सौरभ लकड़ा ने कहा कि किसी भी लालच में आकर अनजान वेबसाइट व अन्य लिंक पर क्लिक न करें. कभी भी अपने बैंक डिटेल, पिन, ओटिपी या पासवर्ड किसी से साझा न करें. अनजान शख्स से वर्चुअल दोस्ती करने से मना किया.
यातायात से जुड़े नियमों और सुरक्षा पर चर्चा करते हुए हुए इंस्पेक्टर राजेश्वर वर्मा ने यातायात से जुड़े सभी नियमों के पालन करने की अपील की. दोपहिया चलाते समय हेलमेट पहनने और सड़क पर दिए गए सुरक्षा निर्देशों का सख्ती से पालन करने को कहा.

