पाकिस्तान में मचे सियासी घमासान के बीच लंदन में पूर्व पाक प्रधानमंत्री नवाज़ शरीफ पर हमला हुआ है.हमले के पीछे इमरान खान की पार्टी पीटीआई के समर्थक का हाथ है. इस हमले में नवाज़ शरीफ का बॉडीगार्ड घायल हुआ है. वहीं, नवाज़ की बेटी मरियम ने इमरान खान की गिरफ्तारी की मांग की है. बता दें कि, पाक के पूर्व पीएम नवाज़ शरीफ लंदन में रह रहे हैं.
लंदन में नवाज़ शरीफ पर यह हमला पाकिस्तान के पीएम इमरान खान के उस बयान के बाद हुआ है, जिसमें इमरान ने कहा था कि यदि नवाज के भाई शाहबाज़ मुल्क की सत्ता संभालेंगे तो वह अमेरिका की गुलामी करेंगे.मरियम ने कहा कि, बिना देरी किए इमरान खान को गिरफ्तार किया जाए. वहीं नवाज शरीफ पर हमले की जानकारी पाकिस्तान के एक पत्रकार ने दी है. इस पत्रकार का नाम अहमद नूरानी है. अहमद के मुताबिक, नवाज पर हुए हमले में उनका बॉडीगार्ड घायल हो गया. अहमद ने ट्वीट कर कहा, लंदन में पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ पर पीटीआई के एक कार्यकर्ता ने हमला कर दिया है. उन्होंने आगे कहा कि, पीटीआई पार्टी के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए क्योंकि वो अब अपनी हदें पार कर रहा है. अहमद ने आगे कहा कि हिंसा को माफ नहीं किया जा सकता.’

