विवेक अग्निहोत्री निर्देशित फिल्म द कश्मीर फाइल्स 11 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. फिल्म के कंटेंट को समुदाय विशेष के खिलाफ बताते हुए फिल्म के रिलीज पर रोक लगाने की मांग से संबंधित याचिका को बॉम्बे हाई कोर्ट ने खारिज कर दिया है. याचिका उत्तर प्रदेश के इंतजार हुसैन सैय्यद की ओर से दाखिल की गई थी. द कश्मीर फाइल्स की कहानी नब्बे के दौर में घाटी में हुए कश्मीरी पंडितों के निष्कासन और इस दौर के राजनीतिक माहौल पर आधारित है. ट्रेलर में दिखाया गया है कि कश्मीर में आजादी की मांग को लेकर उस वक्त अलगाववादी ताकतें चरम पर थीं, जिन्हें कुछ राजनीतिक नेताओं का सपोर्ट मिला था. कश्मीरी पंडितों पर हमले किए गए और उन्हें घाटी छोड़ने के लिए मजबूर किया गया. फिल्म में मिथुन चक्रवर्ती, अनुपम खेर, पुनीत इस्सर, पल्लवी जोशी और दर्शन कुमार जैसे दिग्गज कलाकार प्रमुख किरदार में हैं.

