झारखंड में मौसम के बढ़ते तापमान को देखते हुए सरकारी स्कूलों की टाइमिंग में बदलाव का निश्चय किया गया है. अगले आदेश के अनुसार सुबह साढ़े छह बजे से साढ़े 11 बजे या फिर 12 बजे तक स्कूलों का संचालन हो सकेगा. फ़िलहाल स्कूलों का संचालन सुबह सात बजे से एक बजे तक हो रहा है राज्य में पड़ रही गर्मी को देखते हुए शिक्षक संगठन इसका विरोध कर रहे थे. अनुमान है कि अगले एक-दो दिन में इसके निर्देश जिलों में भेज दिए जाएंगे और अगले सप्ताह सोमवार से नई टाइमिंग पर स्कूल चलने लगेंगे.. स्कूली शिक्षा व साक्षरता विभाग इसकी तैयारी कर रहा है.
अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष विजेंद्र चौबे के नेतृत्व में एक शिष्टमंडल ने शिक्षा सचिव राजेश शर्मा से मिलकर विद्यालय संचालन अवधि में बदलाव करने की मांग की. साथ ही, सप्ताह के तीसरे शनिवार को अवकाश, मध्याह्न भोजन योजना सुचारू रूप से चलाने और शिक्षकों की वरीयता सूची निर्माण की चर्चा की गई. शिक्षा सचिव ने भी माना कि राज्य में गर्मी बढ़ी है और बच्चों के हित में शिक्षकों की मांग सही है जल्द ही इस पर निर्णय लेने का आश्वासन दिया.

