देवघर: झारखंड के बाबा नगरी देवघर जिले के पर्यटन स्थल त्रिकुट पहाड़ के ऊपर जाने के लिए बने रोप-वे का एक तार अचानक टूट गया. जिससे रोप वे का एक केबिन भी टूट गया. घटना में केबिन में सवार एक बच्चा समेत 12 लोग घायल है, जिसमे आसाम से आये चार लोग गम्भीर रूप से घायल हो गए हैं. माना जा रहा है कि घटना के बाद पहाड़ के ऊपर भी कुछ लोग फंसे है. पहाड़ पर मौजूद लोग खुद को बचाने की गुहार लगा रहे हैं. दुर्घटनाग्रस्त सभी घायल असम के कोकझार के सैलानी थे.
हादसे की खबर मिलते ही फौरन जिले के पुलिस अधीक्षक, डीसी और एसडीएम समेत तमाम आलाधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं. स्थानीय ग्रामीणों की मदद से मौके पर राहत और बचाव कार्य शुरू हो गया है. सभी घायलों को फौरन देवघर के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां सभी का इलाज चल रहा है.
देवघर उपायुक्त (DC) मंजू नाथ भजंत्री ने दैनिक भास्कर को बताया, ‘NDRF की टीम रेस्क्यू कर रही है। कोई हताहत नहीं है। फिलहाल 18 ट्रॉली के फंसे होने की सूचना है। कितने लोग फंसे हैं, इसकी सही जानकारी नहीं मिल पा रही है। NDRF के साथ जिला प्रशासन स्थानीय लोगों की मदद से फंसे लोगों को बाहर निकाल रहा है।’

