बिहार कैमूर के मोहनिया इलाके में रेलवे मॉल गोदाम रोड के जीआरपी थाना परिसर में स्थित माँ काली के मंदिर में चोरों ने बीती रात चोरी कर ली. चोरी की घटना में अजीब बात सामने आई है. चोरों ने चोरी के साथ क्रूरता भी की. चोरी की घटना को अंजाम देने में कोई दिक्कत नहीं आये इसके लिए उन्होंने पहले सात मासूम कुत्तों को जहर देकर मार डाला. इसके बाद बदमाशों ने आराम से मंदिर का दरवाजा तोड़कर दानपेटी से करीब 15-20000 रुपए चुरा लिए. मंदिर में चोरी के साथ बेजुबानो के साथ क्रूरता से आसपास के लोग स्तब्ध हैं.
घटना के अगले दिन शनिवार (29 जनवरी, 2022) को मंदिर के पुजारी वहाँ पूजा-अर्चना करने के लिए गये तो वहाँ के हालात देख दंग रह गये. घटना की सूचना तुरंत भभुआ के जीआरपी थाने को दी गई. घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुँची रेलवे पुलिस ने जाँच शुरू कर दी है. भभुआ जीआरपी थाने के प्रभारी जयप्रकाश ने बताया, “चोरी के मामले में जाँच की जा रही है. अधिक विवरण जल्द ही सामने आएँगे.”
वहीं इस मामले में मंदिर के सचिव धीरेंद्र प्रताप सिंह ने बदमाशों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की माँग की है. उन्होंने कहा, “चोरों ने मंदिर का दरवाजा तोड़ दिया और दानपेट्टी से 15 से 20 हजार रुपए चुरा लिए. मंदिर के पास रहने वाले सात मासूम जीवों को भी जहर देकर मार दिया गया है. ये मासूम जीव आरती के बाद प्रसाद लेने के लिए मंदिर में रुकते हैं. चोरों ने उन्हें भी नहीं बख्शा.

