नवादा जिले के कौआकोल थाना क्षेत्र में एक नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है. घटना के वक्त किशोरी शौच के लिए घर से बाहर बधार में गयी थी. इसी बीच छह लड़कों ने उसे पकड़ लिया. इनमें से दो ने उसके साथ दुष्कर्म किया, जबकि अन्य लड़कों ने घटना की वीडियो बनाते रहे. आरोपितों ने वीडियो वायरल करने की धमकी दी व किशोरी को इसकी जानकारी किसी को भी देने से मना कर दिया. पर बाद में अश्लील विडियो वायरल कर दिया. दो-तीन दिनों पूर्व घटना की वीडियो वायरल होने की जानकारी मिलने के बाद पीड़िता द्वारा परिजनों को घटना की जानकारी दी गयी. पीड़िता के परिजनों ने जब आरोपियों के घरवाले को इस बारे में बताया तो आरोपितों के परिजनों ने किशोरी के परिजनों को भगा दिया. बाद में पंचायत लगा कर इसे सुलझाने की कोशिश की गयी. न्याय नहीं मिलने पर सोमवार को पीड़िता परिजनों के साथ कौआकोल थाने पहुंची और पुलिस को घटना की जानकारी दी. काफी देर तक स्थानीय पुलिस ने मामले को दबाये रखा. परंतु खबर मीडिया तक आने पर घटना की जानकारी मिलने पकरीबरावां के एसडीपीओ मुकेश कुमार साहा सोमवार की शाम कौआकोल थाने पहुंचे. पीड़िता व उसके परिजनों से घटना की बाबत पूछताछ की गयी. एसडीपीओ द्वारा कौआकोल पुलिस को अविलंब आरोपितों की गिरफ्तारी के निर्देश दिये गये. वहीं नवादा की महिला थाने की पुलिस को पीड़िता का बयान लेने के लिए कौआकोल भेजा गया है. पीड़िता के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मेडिकल जांच व 164 का बयान आदि अन्य अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी.

