बिहार और उत्तर प्रदेश के लोगों के बारे में ‘बिहार-यूपी के भैया’ वाले विवादित बयान देने पर पंजाब के सीएम चरणजीत सिंह चन्नी के खिलाफ रोष बढ़ता ही जा रहा है. झारखंड सिख कल्याण समिति ने कम चन्नी को सार्वजनिक रूप से माफी मांगने को कहा है. समिति ने घोषणा की है कि जब तक वह ऐसा नहीं करेंगे तब तक बिहार का सिख समाज उनका बहिष्कार करेगा.
झारखंड सिख कल्याण समिति के अध्यक्ष सेवा सिंह ने इस मुद्दे पर बैठक बुलाई. जिसमे चन्नी के संबंधित बयान की कड़ी आलोचना की गई. झारखंड के सिख समुदाय ने चन्नी के गुरु गोविंद सिंह की जन्मस्थली पटना साहिब में सार्वजनिक तौर पर माफी मांगने तक उनका बहिष्कार करने का निर्णय लिया है. सेवा सिंह ने कहा कि हमारे गुरु ने सदा जाति-पांति, भीतरी-बाहरी और ऊंच-नीच के भाव से ऊपर उठकर जीवन जीने का उपदेश दिया है. लेकिन चन्नी ने अपने राजनीतिक लाभ के लिए ओछी बात कही है. जिसके लिए झारखंड, बिहार और देश के शेष हिस्से के लोग उन्हें कभी माफ नहीं कर सकते हैं. उन्हें सिखों की भावनाओं को आहत करने के अपराध में पटना साहिब में प्रायश्चित्त भी करना चाहिए.

