कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी ने चारा घोटाला के डोरंडा कोषागार से अवैध निकासी मामले में दोषी करार राजद सुप्रिमो लालू यादव का बचाव किया है. कहा कि बीजेपी के सामने नहीं झुकने के कारण लालू यादव को प्रताड़ना झेलनी पड़ रही है. प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर लिखा कि, ‘भाजपा की राजनीति का ये अहम पहलू है कि जो भी उनके सामने झुकता नहीं है, उसको हर तरह से प्रताड़ित किया जाता है. लालू प्रसाद यादव जी पर इसी राजनीति के चलते हमला किया जा रहा है. मुझे आशा है कि उन्हें न्याय जरूर मिलेगा.’
बहुचर्चित चारा घोटाला में झारखंड के डोरंडा कोषागार से 139.35 करोड़ रुपये की अवैध निकासी पर फैसला आ गया है. रांची स्थित सीबीआई की विशेष अदालत ने आज इस मामले में राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव को दोषी करार दिया है. इस मामले में 36 लोगों को 3-3 साल की जेल की सजा सुनाई गई है. जबकि, लालू प्रसाद यादव को लेकर सजा का एलान 21 फरवरी को होगा.

