बीरभूम हिंसा मामले में सीबीआई के केन्द्रीय फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला CFSL का दल शुक्रवार को घटना स्थल की जांच करने पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के बोगतुई गांव के पहुंचा. जाँच दल ने क्षतिग्रस्त मकानों से नमूने एकत्रित किये. CFSL की आठ सदस्य टीम के साथ कुछ पुलिस कर्मी भी थे. हालाँकि CFSL के अधिकारियों ने इस संबंध में विस्तृत रूप से कोई जानकारी नहीं दी.
बता दें कि कलकत्ता हाईकोर्ट ने बीरभूम हिंसा मामले की जांच सीबीआई से कराने का शुक्रवार को आदेश दिया था. मामले पर स्वत: संज्ञान लेते हुए अदालत ने सीएफएसएल को नमूने एकत्रित करने के लिए घटना स्थल का दौरा करने को बुधवार को कहा था. बीरभूम जिले के रामपुरहाट कस्बे के पास बोगतुई गांव में मंगलवार की सुबह कुछ मकानों में कथित तौर पर आग लगा देने से दो बच्चों सहित आठ लोगों की झुलस कर मौत हो गई थी. माना जा रहा है कि यह घटना सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के पंचायत अधिकारी की हत्या के प्रतिशोध स्वरूप हुई थी.

