बोकारो. रोड किनारे पेड़ से टकराने के कारण बोकारो के पिंडराजोरा थाना क्षेत्र में एक बस पलट गई. बस के पलटने से बस पर सवार बाराती घायल हो गये. जबकि बस की छत पर सवार तीन बारातियों की मौत हो गई. पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि देर रात बस संख्या डब्ल्यू बी 81/2437की छत पर सवार होकर पिंडराजोरा गांव निवासी घटियाली गांव में बारात में शामिल होने के लिये जा रहे थे. इस दौरान बांधगोड़ा साइड स्थित रानीबांध तालाब के समीप बस की छत सड़क किनारे लगे पेड़ से टकरा गई. जिससे बस पलट गई और हादसे में तीन बारातियों की मौके पर ही मौत हो गयी तथा कई अन्य घायल हो गये. घायलों को बोकारो सदर अस्पताल में भर्ती करवाया गया है.
दुर्घटना के बारे में बताया जा रहा है कि अंधेरे में ड्राइवर को पेड़ दिखा नहीं जिससे यह हादसा हुआ. पुलिस ने तीनों शवों को अपने कब्जे में लेकर उन्हें पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटनाग्रस्त बस को जब्त कर लिया है.

