ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन 21 अप्रैल यानी गुरुवार को भारत दौरे पर आ रहे हैं. दौरे के पहले दिन वे अहमदाबाद में कारोबारियों के मिलेंगे. इसके बाद 22 अप्रैल को वे अपने समकक्ष भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से दिल्ली में मुलाकात करेंगे.इस बीच जॉनसन की भारत यात्रा ने भारत सरकार की चिंताएं बढ़ा दी हैं. इसकी मुख्य वजह दिल्ली में हुई जहांगीरपुरी हिंसा के बाद जारी तनाव है. सरकार को इस बात का डर सता रहा है कि ऐसा न हो कि जॉनसन के दौरे के दौरान फिर से हिंसा भड़क उठे. गौरतलब है कि इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के भारत दौरे के दौरान दिल्ली में हिंसा भड़क उठी थी. ब्रिटिश प्रधानमंत्री की भारत यात्रा के दौरान किसी तरह की कोई अप्रिय घटना देश में नहीं हो, इसको लेकर सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई है. गौरतलब है कि दिल्ली के जहांगीरपुरी में 16 अप्रैल को जुलूस के दौरान हिंसा भड़क उठी थी. इसके बाद से ही क्षेत्र में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है. सूत्रों के हवाले से बताया जा रहा है कि सरकार को चिंता इस बात की है कि 22 अप्रैल को जॉनसन की भारत यात्रा के दौरान कोई दंगा या अप्रिय घटना न घटे.

