नई दिल्ली.गूगल और भारतीय टेलीकॉम ऑपरेटर भारती एयरटेल ने रणनीतिक साझेदारी के तहत हाथ मिलाया है.गूगल ने एलान किया है कि वो भारती एयरटेल में 1 अरब डॉलर यानी करीब 7500 करोड़ रुपये का निवेश करेगी. आज भारती एयरटेल के शेयरों में शानदार उछाल दर्ज किया गया और ये 2 फीसदी से ज्यादा ऊपर चढ़ा. गूगल यह निवेश गूगल फॉर इंडिया डिजिटाइजेशन फंड के हिस्से के तौर पर कर रही है.
734 रुपये के भाव पर गूगल खरीदेगी हिस्सा
भारत में अफोर्डेबल स्मार्टफोन मुहैया कराने और 5G सर्विसेज को लेकर ये रणनीतिक साझेदारी की गई है. इसके तहत 1 अरब डॉलर में से 70 करोड़ डॉलर के जरिए गूगल, भारती एयरटेल में 1.28 फीसदी हिस्सेदारी खरीदेगी. आज बीएसई को दी गई जानकारी के मुताबिक भारती एयरटेल ने साफ किया है कि कंपनी में 734 रुपये के प्रति शेयर के भाव पर गूगल ये हिस्सा खरीदेगी. 70 करोड़ डॉलर में गूगल सस्ते फोन को डेवलप करने और 5G टेक्नोलॉजी पर रिसर्च करने के लिए भारती एयरटेल के साथ मिलकर काम करेगी.

