भोजपुर के गजराजगंज ओपी क्षेत्र के बीबीगंज स्थित दक्षिण बिहार ग्रामीण बैंक में दिन दहाड़े बदमाशों ने सोमवार को बैंक से कुछ मिनटों में 12 लाख 96 हजार रुपये लूट रफूचक्कर हो गये. इस दौरान बैंक के एक-दो स्टाफ के साथ मारपीट भी की गयी. आरा-बक्सर हाईवे पर स्थित बैंक में दिनदहाड़े लूट की वारदात की सूचना से जिले में सनसनी मच गयी. घटना अपराह्न करीब तीन बजे की है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अपराधी चार पांच की संख्या में थे. सभी ने नकाब पहन रखे थे. लूट की घटना को अंजाम दे दो मोटर साइकिल से भाग गये.
एसपी और एएसपी सहित दर्जन भर थानों की पुलिस घटना स्थल पर पहुंच छानबीन कर रही है. अपराधियों की पहचान और धरपकड़ शुरू कर दी गयी. एक संदिग्ध को हिरासत में ले पुलिस पूछताछ भी कर रही है.

