मध्यप्रदेश के लहार के वार्ड 14 में जमीन अतिक्रमण की शिकायत पर कार्यवाई करने गये एसडीएम के जान पर आफत आ गयी. अतिक्रमण करने वालों ने पत्थरबाजी की. फिर वहां कुछ झोपड़ियों में आग लगा दी, जिसमे एसडीएम बुरी तरह से घिर गये. मौके पर मौजूद पुलिस टीम ने उन्हें किसी तरह बचाया और थाना लेकर गये. इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है. वीडियो में नजर आ रहा है कि कुछ लोग आंबेडकर की मूर्ति के पास खड़े होकर प्रतिमा हटाने का विरोध कर रहे हैं. वहां कुछ महिलाएं भी नजर आ रही हैं. इसके अलावा कुछ झोपड़ियों में आग लगाई गई है. अधिकारी का कहना है कि कानून को अपना काम करने देना चाहिए. काम में बाधा डालने वालों पर सख्त कार्यवाई होगी.
जानकारी के अनुसार लहार के वार्ड 14 में रहने वाले एक शख्स ने पुलिस के पास शिकायत दर्ज करवाई थी कि कुछ लोगों ने उनकी जमीन पर आंबेडकर की प्रतिमा लगा दी है. इसी शिकायत पर कार्रवाई करते हुए एसडीएम केवी विवेक और तहसीलदार नवीन भारद्वाज प्रतिमा पुलिस बल के साथ लहार पहुंचे. लेकिन प्रतिमा हटाने गई प्रशासन की टीम को देख कर कुछ स्थानीय लोग बिफर गए. इन लोगों ने पुलिस की टीम पर पथराव किया, गोबर भी फेंके. प्रतिमा के पास स्थित झोपड़ी में आग लगा दी. एसडीएम केवी विवेक इस आग में बुरी तरह घिर गए. किसी तरह पुलिस बल ने एसडीएम को इस आग से बचाया है और उन्हें लेकर थाने पर लेकर गये.

