पश्चिम बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने पश्चिम बंगाल सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उनका प्रदर्शन लोकतांत्रिक शासन के लिए बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। अगर पश्चिम बंगाल में सरकार का शासन कानून के तहत नहीं होगा, तो मेरा हस्तक्षेप जारी रहेगा। राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने बुधवार को ममता बनर्जी की ओर से लगाए गए आरोपों का जवाब दिया। दरअसल, बंगाल सीएम ममता बनर्जी ने दो दिन पहले कहा था कि उन्होंने राज्यपाल धनखड़ को ट्विटर से ब्लॉक कर दिया है। अब ममता के इस कदम को धनखड़ ने दुर्भाग्यपूर्ण कहा है। उन्होंने कहा कि ये लोकतंत्र के लिए बड़ी चुनौती है कि मीडिया ने सीएम से कोई सवाल नहीं किया।
राज्यपाल धनखड़ ने कहा, “ममता ने अपने बयान में मेरे खिलाफ जो कुछ भी बोला, वह सब बेबुनियाद है। उनके पास मेरे ऊपर लगाने के लिए कई आरोप हैं। उन्होंने कहा कि राज्यपाल हर दिन उन पर ट्वीट करते हैं, जबकि सच्चाई यह है कि मैंने उन पर एक भी ट्वीट नहीं किया है।” राज्यपाल ने आगे कहा, “मेरी टेबल पर अभी कोई फाइल बाकी नहीं है। अगर सरकार का कोई मुद्दा बाकी है, तो उनकी सरकार की ओर से जवाब दिए जाने का।
राज्यपाल ने आगे कहा, “ममता बनर्जी का ये बयान कि मैं हर दिन ताज बंगाल से खाना मंगाता हूं, 100 फीसदी गलत है। मैं मुख्यमंत्री से कहना चाहूंगा कि वे इसे साबित करें। वे एक भी दस्तावेज या ट्वीट ऐसा दिखाएं, जहां राज्यपाल ने अपमानजनक या अन्यायपूर्ण बात कही हो।”

