महाशिवरात्रि पर्व पर मंगलवार को मध्यप्रदेश के उज्जैन में स्थित विश्व प्रसिद्ध भगवान महाकालेश्वर मंदिर में दर्शनार्थियों की भीड़ उमड़ पड़ी. प्रतिदिन तड़के होने वाली भस्म आरती के बाद हजारों दर्शनार्थियों ने दर्शन किए.भूतभावन बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन में महाशिवरात्रि पर्व पर अलग ही उल्लास देखा जा रहा है.दूल्हा बने बाबा महाकाल का जलाभिषेक और पंचामृत अभिषेक कर भांग से मनमोहक श्रृंगार किया गया है और उन्हें भस्म अर्पित कर आरती की गयी. इस दौरान सैकड़ों की संख्या में भक्तों ने राजाधिराज बाबा महाकाल की भस्म आरती के दर्शन किये. हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने पंक्ति में लगकर भगवान महाकाल के दर्शन किए और यह सिलसिला जारी है.

