1993 बम धमाकों का एक आरोपी अबू बकर को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में गिरफ्तार कर लिया गया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक अंडरवर्ल्ड डान दाऊद इब्राहिम के इस निकट सहयोगी को भारतीय जांच एजेंसियों की तरफ से मुहैया कराई गई जानकारी के आधार पर हाल ही में गिरफ्तार किया गया था। भारतीय एजेंसियां अब उसे प्रत्यर्पित कर भारत लाने की तैयारी में जुट गई हैं। बता दें कि मुंबई में 1993 में सिलसिलेवार 12 बम धमाके हुए थे, जिसमें 250 से ज्यादा लोगों की मौत हुई थी और सात से ज्यादा लोग जख्मी हुए थे। इस आतंकी घटना के बाद ही अबू बकर यूएई और पाकिस्तान में रह रहा था। दोनों देशों में उसके कई कारोबार भी हैं। भारत में वह मोस्ट वांटेड आतंकियों की सूची में शामिल था। उसका पूरा नाम अबू बकर अब्दुल गफूर शेख है।
दाऊद इब्राहिम के दुबई स्थित घर पर मुंबई में बम धमाकों की साजिश रची गई थी। उस बैठक में अबू बकर भी शामिल था। उसने गुलाम कश्मीर में बम धमाके कराने की ट्रेनिंग ली थी। मुंबई में विस्फोट के लिए वह आरडीएक्स के साथ ही हथियार भी लेकर आया था।

