पलामूःपाटन थाना क्षेत्र स्थित मेदिनीनगर-पाटन मेन रोड पर शनिवार को हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। जबकि एक ज़ख्मी हो गया। दोनों ने ही हेलमेट नहीं पहना था और सिर में चोट लगने से युवक की मौत हुई। हादसा बस की टक्कर की वजह से हुआ। ड्राइवर बस को लेकर भागने में कामयाब रहा।
मृतक की पहचान पाटन थानाक्षेत्र के नौडीहा पंचायत के हुरुहंसा गांव के रहने वाले गनौरी भुइयां का बेटा राजू राम (32) के रूप में की गई। राजू राम स्व. तपु भुइयां के पुत्र पूरण भुइयां (30) के साथ जा रहा था। राजू ही बाइक चला रहा था।
दोनों ही मजदूरी करते थे और बाइक से बकाया पैसा लेने के लिए सदपुर गांव जा रहे थे। घटना के बाद दोनों को जख्मी हालत में मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल इलाज के लिए लाया गया। जहां राजू राम की मौत हो गई। उसके तीन छोटे बच्चे हैं। तीन साल का एक बेटा है जो विकलांग है। जबकि दो बेटियों की उम्र दो साल व छह महीना है।

