लोगों की आस्था को ध्यान में रखकर दिल्ली में नवरात्र पर मीट दुकाने बंद रहेंगी. दक्षिणी दिल्ली नगर निगम के मेयर मुकेश सुर्यान ने नवरात्रि के दिनों में मीट की दुकानें बंद करने का आदेश दिया है. वहीं पूर्वी निगम के महापौर श्याम सुंदर अग्रवाल ने नवरात्र के सप्तमी, अष्टमी और नवमी (आठ अप्रैल से 10 अप्रैल) तीन दिन तक गाजीपुर स्थित बूचड़खाने को प्रतिबंधित करने के आदेश दिए हैं. साथ ही मेयर ने मांस बिक्री करने वाले दुकानदारों से नवरात्र के दौरान मांस बिक्री नहीं करने की अपील की है.
महापौर ने बताया कि निगम क्षेत्र में दौरे के दौरान लोग उनसे मंदिरों के पास मांस की बिक्री को लेकर शिकायत कर रहे हैं. लोग कहते हैं कि खुले रूप से मांस की बिक्री हो रही है. इससे उनकी धार्मिक आस्था को ठेस पहुंच रही है. बिक रहे मांस से बदबू भी आती है, जिससे उनका मन खिन्न हो उठता है. ऐसे में लोगों की आस्था को देखते हुए उन्होंने यह निर्णय लिया है. इस संबंध में निगमायुक्त को आदेश दिए गए हैं. उन्होंने कहा कि शराब की बिक्री पर रोक लगाने का अधिकार निगम के पास नहीं हैं इसलिए हमने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को नवरात्र के दौरान शराब की बिक्री पर दी गई 25 प्रतिशत की छूट वापस लेने तथा शराब बिक्री को बंद करने का आग्रह किया है.
महापौर ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में निगमायुक्त से बात की है. मंगलवार से यह आदेश लागू हो जाएगा. साथ ही पूर्वी और उत्तरी दिल्ली के महापौर से भी बात की है वह भी इस संबंध में कदम उठाएंगे. दक्षिणी निगम क्षेत्र स्थित 1600 लाइसेंस धारी मीट की दुकानें सीधे तौर पर बंद हो जाएंगी. इसके साथ रेस्तरां में बिक्री नहीं हो सकेगी.

