मौसम विभाग ने कहा कि उत्तर पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के किसी भी हिस्से में अगले पांच दिन तक भीषण गर्मी की संभावना नहीं है. साथ ही कहा कि उत्तर पश्चिम भारत और मध्य भारत के अधिकतर हिस्सों में अगले दो से तीन दिन तक अधिकतम तापमान में कोई विशेष बदलाव का पूर्वानुमान नहीं है. इसके बाद पारे का स्तर दो से तीन डिग्री सेल्सियस बढ़ सकता है.
मौसम विभाग ने कहा कि बुधवार से महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में और शुक्रवार से राजस्थान के कुछ इलाकों में फिर से गर्मी का प्रकोप बढ़ सकता है. पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में अगले दो दिन कहीं-कहीं हल्की बारिश, धूल भरी आंधी और 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है. देशभर में अनेक स्थानों पर अप्रैल में सर्वकालिक रूप से तापमान उच्च स्तर पर रहा है और पारे का स्तर 46 से 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा.

