भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, पूर्वोत्तर बिहार और आंतरिक तमिलनाडु में हल्की बारिश हो सकती है. वहीं, झारखंड में पिछले कई दिनों से अधिकतम तापमान में हो रही वृद्धि और लू से लोगों को आज यानी 3 अप्रैल को मामूली राहत मिलने की संभावना है.
इन राज्यों में चलेगी भीषण लू
बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, जम्मू और हिमाचल प्रदेश सहित उत्तर भारत के कई इलाकों में लू चलने की संभावना है. विदर्भ और गुजरात में भी पारा ऊपर चढ़ेगा। दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान के कुछ हिस्सों, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड और तेलंगाना के कुछ हिस्सों में लू की स्थिति बनी रहेगी.
इन राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी से तेज दक्षिण-पश्चिमी हवाएं अगले पांच दिनों तक अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय और नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश का कारण बनेंगी. दो से चार अप्रैल के बीच पश्चिम बंगाल के उत्तरी इलाके और सिक्किम में भारी बारिश का अनुमान जताया गया है. तीन से चार अप्रैल को मेघालय में भी भारी वर्षा की संभावना है.

