12 VIP सहित 623 प्रत्याशियों समेत योगी सरकार के 9 मंत्रियों की प्रतिष्ठा दांव पर
लखनऊ: यूपी विधानसभा चुनाव 2022 के पहले चरण का मतदान सुबह 7 बजे शुरू हो गया है
राज्य के 11 जिलों की 58 विधानसभा सीटों पर मतदान हो रहा है. जिसमें ज्यादातर सीटें पश्चिमी उत्तर प्रदेश की हैं. पहले चरण में 623 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला होगा. शाम को 6 बजे मतदान थम जाएगा और उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में कैद हो जाएगी. चुनाव के लिए सत्तारूढ़ बीजेपी से लेकर समाजवादी पार्टी, कांग्रेस, बहुजन समाज पार्टी समेत तमाम राजनैतिक दलों ने प्रचार में अपना पूरा दमखम झोंका है, अब फैसला जनता के हाथ में है कि वो किसे सत्ता में देखना चाहती है.
राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार शुक्ला ने बुधवार को बताया कि निर्वाचन आयोग ने निष्पक्ष, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव कराने के लिये व्यापक इंतजाम एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की है. उन्होंने बताया कि कोविड-19 के मद्देनजर मतदेय स्थलों पर थर्मल स्कैनर, हैंड सेनेटाइजर, दस्तानों, मास्क, फेस शील्ड, पीपीई किट, साबुन, पानी आदि की पर्याप्त मात्रा में व्यवस्था की गई है.
इस चरण में शामली, हापुड़, गौतमबुद्ध नगर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा तथा आगरा जिलों की विधानसभा सीटों पर मतदान होना है.
पहले चरण के चुनाव में प्रदेश सरकार के मंत्री श्रीकांत शर्मा, सुरेश राणा, संदीप सिंह, कपिल देव अग्रवाल, अतुल गर्ग और चौधरी लक्ष्मी नारायण के सियासी भाग्य का फैसला होगा.

