कैटरिंग सर्विस में काम दिलाने का झांसा देकर युवती के साथ गैंगरेप करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी बाराबंकी निवासी संदीप मिश्रा और उन्नाव हसनगंज निवासी नावेंद्र कुमार बताये जाते है. पुलिस ने दोनों को तेजीखेड़ा के पास से पकड़ा है.
इंस्पेक्टर दधिबल तिवारी ने बताया कि पीड़िता ने गुरुवार को थाना आकर शिकायत की थी. शिकायत में बताया गया कि संदीप ने कैटरिंग सर्विस में काम दिलाने की बात कह कर उसे घर बुलाया था. जहां संदीप का दोस्त नावेंद्र भी मौजूद था. जिसके जरिए नौकरी लगवाने की बात कही गई थी.
बातचीत के दौरान ही आरोपियों ने खाने में नशीला पदार्थ मिला कर दे दिया था. जिसे पीकर युवती बेहोश हो गई थी. इस दौरान आरोपियों ने उसके साथ दुराचार किया था. होश आने पर पीड़िता ने संदीप और नावेंद्र से विरोध दर्ज कराया था. जिस पर दोनों लोगों ने युवती को शिकायत करने पर नुकसान पहुंचाने की धमकी दी थी. मामला दर्ज होने के बाद युवती को मेडिकल चेकअप भी कराया गया था. पुलिस ने कार्यवाई करते हुए शुक्रवार सुबह दोनों को गिरफ्तार कर लिया.

