उत्तर प्रदेश/बदायूं : मृतक आश्रित कोटा से उत्तर प्रदेश के बदायूं के जिला अस्पताल में नौकरी लेने का मामला प्रकाश में आया है. शिकायतकर्ता कृष्णपाल सिंह के शिकायत के बाद बाद जांच अधिकारी एडी हेल्थ डॉ. दीपक अहोरी ने जांच शुरू करवा दी है. डॉक्टर अहोरी ने मामले में नियम विरुद्ध तरीके से मृतक आश्रित कोटा में नौकरी हासिल करने वाले अचल शर्मा, सीएमएस डॉ. रेखा रानी और रिटायर्ड स्टोर कीपर मोहम्मद अशरफ को नोटिस भेजा है. शिकायतकर्ता ने जांच अधिकारी के समक्ष अपने बयान दर्ज करा दिए है. शिकायतकर्ता कृष्णपाल सिंह स्वास्थ्य विभाग में ही क्लर्क है .
कर्मचारी कृष्णपाल सिंह ने सीएमएस डॉ. रेखा रानी, रिटायर्ड स्टोर कीपर मोहम्मद अशरफ और अचल शर्मा पर भ्रष्टाचार, गबन और अनियमितताओं की शिकायतकी थी. निदेशक प्रशासन डॉ. राजा गणपति आर ने इसे गंभीरता से लेते हुए उच्च स्तरीय जांच का आदेश दिया. मामले में जांच बरेली मंडल के एडी हेल्थ डॉ. दीपक अहोरी कर रहे हैं. शिकायतकर्ता का बयान तो दर्ज हो गया परन्तु शेष अन्य का बयान दर्ज नही पाया है. सभी पक्षों के बयान दर्ज करने के बाद वह रिपोर्ट भेजी जाएगी.

