माल ढोने वाले वाहनों पर बिना किसी सुरक्षा एहतियात के लोहा, रड, छड आदि लोड कर चलना खतरनाक हो जाता है. वाहन चालक को तो फर्क पड़ता नहीं दिखता पर रास्ता पर चलने वाले अन्य को परेशानी होती है, कभी कभी यह जानलेवा साबित हो जाती है. वाहन की लम्बाई से ज्यादा के लम्बे छड रड वाहन पर लोड कर दिया जाता है. छड का हिस्सा बाहर की ओर निकला रहता है जो दुसरे के जान के लिए घातक है. सोमवार को ऐसी ही एक घटना में पलामू जिले में सोमवार की दोपहर हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई जबकि दो लोग घायल हो गए।
दुर्घटना में मरने वाला युवक व दोनों घायल गढ़वा जिला के कांडी थानक्षेत्र के सरकोनी गांव के रहने वाले बताये जाते है. घटना मोहम्मदगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहम्मदगंज-जपला मुख्य पथ में भोला मोड़ के समीप हुई। बताया जा रहा है कि पिकअप वैन को ओवरटेक करने के चक्कर में बाइक अनियंत्रित हो गई। वैन में लोहे की रॉड लदी थी। रॉड बाइक चालक के शरीर में घुस गई। इस कारण घटनास्थल पर ही युवक की मौत हो गई। मरने वाले की पहचान सोनू शर्मा के रूप में की गई है। दुर्घटना में नरेश शर्मा व जमुना देवी घायल हुए है। घटना की जानकारी प्राप्त होते ही थाना प्रभारी मनोज कुमार व ASI अजय केरकेट्टा मौके पर पहुंचे। शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। वहीं घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
बताया जा रहा है कि तीनों लोग बाइक पर सवार होकर सरकोनी से मोहम्मदगंज की ओर आ रहे थे। इसी दौरान पिकअप वैन की चपेट में आ गए। घटना के बाद पिकअप वैन चालक मौके वाहन लेकर फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। मांग की गई कि वाहनों की गति नियंत्रित करने के लिए पुलिस की ओर से समय समय पर वाहन चेकिंग अभियान चलाया जाए। घटना की सूचना पीड़ित के परिजनों को दे दी गई है।

