घरेलु क्रिकेट के सबसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट रणजी ट्रॉफी देश में उभरते हुए प्रतिभावान खिलाड़ी को ऊपर लाने की अहम कड़ी है. इसी कड़ी में एक प्रतिभावान खिलाड़ी ने अपने पहले ही मैच में धमाका कर दिया. अपने डेब्यू मैच में 22 वर्षीय बल्लेबाज साकिबुल गनी ने 341 रनों की शानदार पारी खेली. बिहार टीम की ओर से खेलने वाले साकिबुल बिहार के मोतिहारी से है. साकिबुल ने कोलकाता में खेले जा रहे रणजी ट्रॉफी मैच में मिजोरम के खिलाफ 387 गेंदों में 50 चौके लगाकर अपना तिहरा शतक पूरा किया. अपने पहले ही मैच में तिहरा शतक जड़ने वाले साकिबुल गनी दुनिया के पहले बल्लेबाज हैं, इसके साथ बल्लेबाज ने वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है.
बिहार ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया. हालांकि टीम की शुरुआत कुछ खास नहीं रही. बिहार के 3 विकेट 71 रन के अंदर गिरे. इसके बाद पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए साकिबुल गनी ने शानदार प्रदर्शन किया. गनी ने बाबुल कुमार के साथ मिलकर पारी को संभाला और बड़े स्कोर की ओर बढ़ने लगे. गनी और बाबुल के बीच चौथे विकेट के लिए 500 से ज्यादा रनों की साझेदारी हुई. वह 405 गेंदों में 341 रन बनाकर पवेलियन लौटे.

