पलामूः शहर थाना क्षेत्र के बीसफुट्टा पुल के पास सोमवार को रेलवे ट्रैक पर एक महिला की लाश बरामद की गई. ट्रेन की चपेट में आने से महिला का सिर और धड़ अलग हो गया था. इधर, घटना की सूचना मिलने पर महिला के पति ने उसकी पहचान की और पत्नी को मानसिक रूप से बीमार बताया. महिला के चार बच्चे हैं. वो रविवार से घर से गायब थी.
महिला की पहचान सतबरवा थाना क्षेत्र के पोलपोल निवासी अजय राम की पत्नी कमला देवी (42) के रूप में की गई. अजय पोलपोल में चना-मूंगफली बेच कर परिवार चलाता है. सोशल मीडिया पर महिला के शव की तस्वीर वायरल होने पर अजय को पत्नी की मौत की जानकारी ग्रामीणों से मिली. अजय ने पुलिस को बताया कि एक दिन पहले से ही उसकी पत्नी घर से गायब थी. रविवार को किसी को बताए बिना घर से निकल गई थी. काफी खोजबीन के बाद भी नहीं मिली. सोमवार सुबह में रेलवे ट्रैक पर शव मिलने की सूचना मिली.
अजय के मुताबिक उसकी पत्नी मानसिक रूप से बीमार थी. पहले भी बिना बताए घर से निकल चुकी थी. दो साल से ज्यादा बीमार थी. बहुत इलाज कराने के बाद भी ठीक नहीं हुई. महिला के मानसिक बीमार होने के कारण ही डेढ़ साल के एक बेटे का पालन-पोषण ननिहाल में हो रहा है. टीओपी तीन प्रभारी अभिमन्यु सिंह ने बताया कि पति का बयान लिया गया है. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है.

