कोरोना के नये वेरिएंट देश में आ गये है. कई राज्य में कोरोना के केस बढ़ने की खबर है. वहीं झारखंड के लिए कोरोना केस में राहत भरी खबर है. रांची को छोड़कर पूरा झारखंड कोरोना मुक्त हो गया है. राँची में कोरोना के केस वो भी मात्र पांच. ये बीते चार दिनों में मिले हैं, जो होम आइसोलेशन में हैं. यानी अगले तीन दिनों में यदि रांची में एक भी मरीज नहीं मिले तो रांची भी कोरोना मुक्त हो जाएगा.
जानकारी के अनुसार राज्य में शुक्रवार को 4111 सैंपल की जांच की गयी, जिसमें एक भी पॉजिटिव मरीज की पुष्टि नहीं हुई है. राज्य में फिलहाल जांच की संख्या काफी कम है. राज्य में शुक्रवार की गई जांच में 89.32 प्रतिशत जांच केवल रैपिड एंटीजेन से किए गए. कुल 4111 सैंपलों की जांच की गयी, जिसमें 3672 रैट से, 76 ट्रूनैट से जबकि 363 आरटीपीसीआर से हुई. राज्य के 22 जिलों में रैट से कुल 3672 जांच किए गए.
जिसमें 13 जिलों में 100 प्रतिशत जांच रैपिड एंटीजेन के माध्यम से हुए. इन जिलों में आरटीपीसीआर व ट्रूनैट के माध्यम से एक भी सैंपल की जांच नहीं हुई. देश में अन्य हिस्सों में 24 घंटे में कोरोना के 975 नए मामले सामने आए और चार की मौत हो गई. मंत्रालय ने बताया कि देश में अब तक कोरोनारोधी टीकों की 186.38 करोड़ से अधिक खुराक लगाई जा चुकी हैं.

