रांची के आदित्य प्रकाश जालान बीएड कालेज परिसर में शुक्रवार को विद्या भारती की तीन दिवसीय अखिल भारतीय साधारण सभा की बैठक का शुभारम्भ हुआ. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सरकार्यवाह डॉ० कृष्ण गोपाल ने कहा कि करोना काल के कारण विद्यार्थियों, विद्यालयों तथा आचार्यों को जो क्षति हुई है उसे हम सभी समाज के सज्जन शक्तियों के सहयोग से पुनः व्यवस्थित करने में सफलता प्राप्त करेंगे. समाजिक, मानसिक और बुद्धिमता की दृष्टि से बच्चों को जो क्षति हुई है, उसके लिए विद्यालय के साथ-साथ परिवारजनों को भी विशेष तौर पर सक्रिय होना पड़ेगा. विद्या भारती के स्कूलों को भी अपने आदर्श व मूल भाव को बनाए रखते हुए समय के अनुसार बदलने का प्रयास करना चाहिए. अपने विद्यालयों की स्थिति बदलनी होगी. पढाई के पुराने पैटर्न को बदलते हुए नई तकनीक लानी होगी. हमें यह ध्यान देना होगा की कोरोना के कारण जिन परिवारों की आर्थिक स्थिति खराब हो गई वैसे किसी भी परिवार के बच्चों की शिक्षा बाधित न हों. जो शुल्क देने में सक्षम न हों उनकी भी चिंता करेंगे. संघ के शताब्दी वर्ष 2025 में तक पुरे देश में विद्यालय खोलने का लक्ष्य लिया गया है.
विद्या भारती के अखिल भारतीय महामंत्री श्री राम आरावकर ने प्रतिवेदन प्रस्तुत किया. राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 में विद्या भारती की सहभागिता, भैया-बहनों के बीच होने वाली विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताओं, पूर्व छात्र परिषद, स्वतंत्रता के अमृत महोत्सव के अवसर पर पोस्टकार्ड लेखन एवं सूर्य नमस्कार महोत्सव का आयोजन, विद्या भारती के प्रचार विभाग की गतिविधियां, ग्रामीण क्षेत्र की शिक्षा, संगीत शिक्षा, बालिका शिक्षा, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता प्रशिक्षण, शिशु वाटिका, वैदिक गणित, राष्ट्रीय विज्ञान मेला, विद्या भारती खेल परिषद, सेवा क्षेत्र की शिक्षा, संस्कृत शिक्षा, जनजातीय क्षेत्र की शिक्षा, पर्यावरण शिक्षा, विद्या भारती मानक परिषद, विद्या भारती ई-पाठशाला, वैदिक विद्यापीठ, सम्राट विक्रमादित्य भवन का लोकार्पण सहित विभिन्न विषयों के संबंध में विस्तृत जानकारियां दी.
विद्या भारती के अखिल भारतीय सह संगठन मंत्री गोविंद मोहंत जी ने पर्यावरण कुटुंब प्रबोधन, राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 का क्रियान्वयन, एनसीएफ निर्माण योजना, आचार्य कार्यकर्ता प्रशिक्षण सहित विभिन्न विषयों पर अपना विचार रखा. कार्यक्रम का संचालन अखिल भारतीय मंत्री मधु श्री साव ने किया. कार्यक्रम में विद्या भारती के अखिल भारतीय अध्यक्ष डॉ डी. रामकृष्ण राव, अखिल भारतीय संगठन मंत्री काशीपति, 11 क्षेत्रों के संगठन मंत्री, प्रदेश एवं क्षेत्र के अधिकारी तथा विभिन्न विषय परिषदों के लगभग 350 पदाधिकारी बैठक में शामिल हो रहे हैं.

