कर्नाटक हिजाब विवाद अब देश के अन्य राज्यों में भी पहुँचने लगा है. नेताओं की बयानबाजी से ले कर सरकारी महकमा भी इससे अछूता नही रह सका है. राजस्थान के चाकसू पुलिस थाना क्षेत्र के एक निजी कॉलेज में हुए विवाद के बाद राजस्थान में सियासत गरमा गई है. एक मामले में राजस्थान में एक पुलिस अधिकारी सहित दो लोंगो को सस्पेंड कर दिया गया है.
दरअसनेल सोशल मीडिया पर हिजाब विवाद को लेकर आपत्तिजनक पोस्ट और टिप्पणी से मामला शुरू हुआ. एक एएसआई सहित 2 पुलिसकर्मियों ने सम्बंधित पोस्ट शेयर कर दिया. ऐसा करना दोनों को भारी पड़ गया है. आपत्तिजनक पोस्ट और टिप्पणी साझा करने के आरोप में राजस्थान पुलिस के एक कांस्टेबल और ट्रैफिक पुलिस में सहायक पुलिस उप निरीक्षक को निलंबित कर दिया गया है. गौरतलब है कि, शुक्रवार को चाकसू में एक संस्थान में हिजाब पहनकर आई छात्राओं को प्रवेश नहीं देने पर विवाद खड़ा हो गया था.
पुलिस उपायुक्त (उत्तर) अनिल पेरिस देशमुख ने बताया कि जवाहर सर्कल थाने में तैनात कांस्टेबल रमेश और ट्रैफिक पुलिस के एएसआई सतवीर सिंह ने सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट और टिप्पणी साझा की थी. पोस्ट मानक चौक थाना क्षेत्र के रहने वाले एक व्यक्ति तक पहुंची. पुलिस अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लेते हुए प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है. इस आरोप में निलंबित कर दिया गया है. उन्होंने बताया कि, ”पुलिस अधिकारी होने के नाते उन्हें ऐसा नहीं करना चाहिए था, इसलिए ये कार्रवाई की गई.”

