पुलिस हत्यारो को शीघ्र गिरफ्तार करें , एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट झारखंड में शीघ्र लागू हो
रांची : झारखंड स्टेट बार कौंसिल के वाईस चेयरमैन और राज्य के सुप्रसिद्ध वरिष्ठ अधिवक्ताराजेश कुमार शुक्ल ने रामगढ़ में रामगढ़ के अधिवक्ता अजय कुमार महतो का शव कृष्णा पैलेस होटल में मिलने पर चिंता जताते हुए , हत्यारो की शीघ्र गिरफ्तारी का आग्रह राज्य के पुलिस महानिदेशक और राज्य के मुख्यसचिव से किया है.
शुक्ल ने कहा है कि दो दिन पूर्व से ही जब अजय कुमार महतो के परिजनों ने रजरप्पा पुलिस को उनके गायब होने की सूचना दी थी तो पुलिस प्रशासन को गंभीरता से लेना चाहिए था.
शुक्ल ने कहा है कि जिस प्रकार की घटनाएं राज्य में अधिवक्ताओ के साथ घटित हो रही है वह चिन्ता की बात है और राज्य सरकार को बिना विलम्ब के झारखंड में एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू कर देना चाहिए ताकि राज्य में अधिवक्ता वर्ग निर्भीकता से अपना दायित्व निभा सके. आए दिन अधिवक्ताओ को डराने, झुठे मुकदमे में फ़साने ,महिला अधिवक्ताओ के साथ छिनतई, अधिवक्ताओ की हत्या जैसी घटनाएं घट रही है जो चिंता का विषय है. अधिवक्ता न्यायालय के पदाधिकारी होते है और यदि वे निर्भीकता से अपना दायित्व नही निभा पायेंगे तो झारखंड में न्याय व्यवस्था के सामने बड़ी चुनौती खड़ी हो जायेगी.
उन्होंने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन को ई मेल भेजकर बिना विलम्ब किये झारखंड में एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग की है. शुक्ल ने कहा है कि जल्द ही झारखंड स्टेट बार कौंसिल के सदस्य राज्य की राज्यपाल और राज्य के मुख्यमंत्री से मिलकर एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग पुनः रखेंगे.
शुक्ल ने राज्य सरकार से अधिवक्ता अजय कुमार महतो के परिजनों को 2 करोड़ रुपया मुआवजा और उनके परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग भी की है. शुक्ल ने घटना के संबंध में रामगढ़ बार एसोसिएशन के अध्यक्ष आनंद अग्रवाल और सचिव सीताराम से बात कर घटना की जानकारी ली और बार एसोसिएशन के सदस्यों को सांत्वना दिया .

