रामगढ़ के बरलंगा थाना क्षेत्र में इंटर की छात्रा के साथ दुष्कर्म कर हत्या किये जाने का मामला प्रकाश में आया है. घटना के बाद से ग्रामीण आक्रोशित है. पीड़िता के पिता ने संतोष कुमार महतो और उसके दो साथियों पर दुष्कर्म और हत्या का आरोप लगाया है. मृतका के पिता और ग्रामीणों ने आरोपी युवकों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी कर उन्हें कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग कर रहे है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. पुलिस आरोपी युवक के पिता सहित किशोरी की सहेली व कई अन्य को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है.
मृतका के पिता का कहना है कि पंचायत सचिवालय के पास वे नया मकान बना रहे हैं. दोपहर एक बजे के करीब छात्रा खाना पहुंचाने आई थी. शाम साढ़े चार बजे के लगभग रात का खाना बनाने की बात कह पुराने घर आ गई थी. इसके बाद वह अपनी एक सहेली से मिली. छात्रा सहेली को खाना बनाने के लिए पानी लाने की बात बोलकर वहां से चली आई. इसके बाद पानी लाने के लिए वह पास के कुएं पर गई. इसी दौरान घात लगाए युवकों ने उसे पकड़ लिया और जबरन टेंट हाउस में ले गए.
वहीं मृतका के दो चचेरे भाइयों ने बताया कि जब वे पुराने घर आए तो वहां बहन नहीं थी. उसकी तलाश करते हुए वे पड़ोसी युवक के आंगन में घुसे तो उन्होंने उसे डांट कर भगा दिया. इसी बीच एक बालक ने बताया कि संतोष कुमार महतो कुआं के पास से जबरन खींचकर उसकी बहन को अपने टेंट हाउस में ले गया है.

