राष्ट्रपति भवन ने विधायक सीता सोरेन की शिकायत पर लिया संज्ञान है. विधायक ने चतरा जिले के टंडवा स्थित आम्रपाली परियोजना में अनिमित्ता बरती जाने की शिकायत की थी. राज्य सरकार के अधिकारियों द्वारा विधायक की बात पर ध्यान नहीं दिए जाने के बाद ऐसा हुआ. इस मसले पर केंद्रीय वन एवं पर्यावरण तथा जलवायु परिवर्तन मंत्रालय को संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्यवाही का निर्देश दिया है. जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा जांच के बाद हुई कार्रवाई से शिकायतकर्ता को भी अवगत कराने के लिये निर्देशित किया गया है. राष्ट्रपति भवन की ओर से इस संबंध में विधायक सीता सोरेन को भी ईमेल कर सूचना दी गई है. बता दें कि विधायक सीता सोरेन ने इस सम्बन्ध में झारखंड के राज्यपाल रमेश बैस समेत राष्ट्रपति व अन्य केंद्रीय मंत्री को ज्ञापन भेजा था.
झारखंड मुक्ति मोर्चा विधायक सीता सोरेन ने कहा कि कोयला के अवैध परिवहन के लिए वन भूमि की भी कटाई की गई है और यह अवैध रूप से बिना अनुमति लिए हुए जंगल कटाई का मामला है. इसके बावजूद राज्य सरकार और कोयला कंपनियों की ओर से अब तक दोषी पदाधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जा रही है. विधायक सीता सोरेन ने कहा है कि वह इस मसले को विधानसभा में भी विभिन्न माध्यमों से लगातार उठाते आ रही है, लेकिन राज्य सरकार के अधिकारियों की ओर से इस मामले में कोई कार्यवाही नहीं की गई है.

