इंजीनियरिंग कॉलेज अब सिर्फ चार वर्गों में ही फीस ले सकते है. एआईसीटीई ने इंजीनियरिंग कॉलेज कोर्सेज की फीस तय कर दी है. चार प्रकार के फीस में ट्यूशन, डेवलेपमेंट, एग्जामिनेशन और अन्य शामिल हैं. कॉलेज ट्यूशन फीस एक हजार रुपये से अधिक नहीं रख सकते हैं. यह फीस मेट्रो सिटी, ए, बी, सी श्रेणी के आधार पर भी निर्धारित की जायेगी. साथ ही दूसरे, तीसरे व चौथे वर्ष कॉलेज पहले वर्ष लागू फीस में हर वर्ष पांच प्रतिशत तक ही फीस में बढ़ोतरी कर सकता है. यह फीस सभी प्रोग्राम में दूसरे वर्ष से अंतिम वर्ष तक के प्रोग्राम में लागू किया जायेगा. इसी सत्र 2022-23 से यह लागू होगी. पहले वर्ष के लिए इंजीनियरिंग प्रोग्राम की फीस करीब 79 हजार रुपये से लेकर 1.89 लाख रुपये सालाना निर्धारित की गई है.
कॉलेजों को चार वर्गों के फीस की जानकारी वेबसाइट पर भी अपलोड करनी होगी. यह फीस सभी सरकारी और निजी कॉलेजों में लागू होगी. एआईसीटीई फीस निर्धारित रिपोर्ट राज्यों को जल्द भेज देगी और इसे लागू करने का आग्रह करेगी. एआईसीटीई के अधिकारियों ने कहा है कि अभी तक इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्रों से पांच से छह लाख रुपये फीस वसूलते थे. नये नियम लागू होने से अभिभावकों को राहत मिलेगी. जस्टिस श्रीकृष्णन कमेटी और प्रो. मनोज कुमार तिवारी कमेटी की सिफारिशों और रिव्यू के आधार पर यह फीस तय किया गया है. हालांकि अभी यह शिक्षा मंत्रालय की मंजूरी के लिए भेजा गया है. यहां से मंजूरी मिलने के बाद इसे लागू कर दिया जायेगा.
पहले वर्ष के लिए फीस का स्लैब: प्रोग्राम कोर्स न्यूनतम और अधिकतम फीस, यूजी इंजीनियरिंग 79, 000 से 1.89 लाख रुपये, पीजी इंजीनियरिंग 1.41 लाख से 3.03 लाख रुपये, डिप्लोमा इंजीनियरिंग 67,000 से 1.40 लाख रुपये, यूजी डिजाइन 94,000 से 2.25 लाख रुपये, पीजी डिजाइन 1.55 लाख से 3.14 लाख रुपये, यूजी एप्लाइड आर्ट एंड क्रॉफ्ट 1.10 लाख से 2.53 लाख रुपये, पीजी एप्लाइड आर्ट एंड क्रॉफ्ट 1.48 लाख से 2.25 लाख रुपये, डिप्लोमा एप्लाइड आर्ट एंड क्रॉफ्ट 81,000 से 1.64 लाख रुपये

