नेशनल हेराल्ड प्रकरण में कांग्रेस नेता राहुल गांधी से आज लगातार तीसरे दिन भी ईडी ने पूछताछ की. वहीं इससे पहले कांग्रेस की महिला कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया. नेशनल हेराल्ड मामले में पार्टी नेता राहुल गांधी के खिलाफ ईडी की जांच के विरोध में प्रवर्तन निदेशालय कार्यालय के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने टायर जलाए. 3 अधिकारियों की टीम उनसे ताबड़तोड़ सवाल कर रहे हैं. इस बीच कांग्रेस कार्यकर्ताओं का उग्र प्रदर्शन जारी है. कार्यकर्ताओं ने कई बैरिकेड तोड़ दिए.
राहुल के समर्थन में प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पार्टी मुख्यालय के बाहर हिरासत में लिया गया. वहीं सरकार के विरोध में छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल और कांग्रेस नेता अधीर रंजन धरने पर बैठ गए.
वहीं पूछताछ के बीच, कांग्रेस पार्टी ने केंद्र सरकार को कानूनी नोटिस भेजा है. कांग्रेस के नोटिस में आरोप लगाया गया है कि ईडी के सवालों का राहुल गांधी किस तरह से सामना कर रहे हैं, मीडिया को इस बारे में गलत जानकारी प्रदान की जा रही है. आज भेजे गए कानूनी नोटिस में न्यूज चैनल्स की 3 रिपोर्टों का हवाला दिया गया है. इसमें कहा गया है कि इन चैनलों ने अज्ञात स्रोतों के हवाले से दावा किया कि मनी लांड्रिंग के आरोपी राहुल गांधी इस दौरान पूछताछकर्ताओं के सवालों को टालने का प्रयास कर रहे थे और ऐसा प्रतीत हो रहा था कि वकीलों ने उन्हें सिखा-पढ़ाकर भेजा है. नोटिस में कहा गया है कि सरकार को इस इरादतन लीक को रोकना चाहिए.

