रूस ने युक्रेन मसले पर भारत के नीति की सराहना की है. रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने कहा कि अतीत में कई मुश्किल मौकों पर भी दोनों देशों के बीच संबंध चिरस्थायी बने रहे हैं. उन्होंने कहा है कि भारत और रूस की रणनीतिक साझेदारी मास्को की प्राथमिकता रही है. विश्व व्यवस्था संतुलन रखने में रूस रुचि रखता है. हम इस बात की सराहना करते है कि भारत एकतरफा न होकर स्थिति को पूरी तरह से समझ रहा है. हमारे राष्ट्रपति ने पीएम मोदी को शुभकामनाएं भेजी हैं.
फ़िलहाल रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव नई दिल्ली में हैं. भारत और रूस के बीच उच्च-स्तरीय बैठक हुई. लावरोव व जयशंकर के बीच बैठक में व्यापक छूट पर रूस से बड़ी मात्रा में तेल खरीदने की भारत की संभवनाओं तथा द्विपक्षीय व्यापार के लिए रुपये-रूबल की विनिमय व्यवस्था की बात सामने आई . यूक्रेन मसले पर भारत ने तत्काल युद्धविराम का आह्वान किया है लेकिन रूसी आक्रमण की निंदा करने वाले प्रस्तावों पर संयुक्त राष्ट्र के मंचों पर मतदान में हिस्सा लेने से परहेज किया है. बता दें कि एक दिन पहले ही अमेरिका ने आगाह किया कि रूस के खिलाफ अमेरिकी प्रतिबंधों में गतिरोध पैदा करने वाले देशों को अंजाम भुगतने पड़ेंगे.

