रूस की ओर से युक्रेन पर हमला कम करने के संकेत के बाद शुक्रवार को स्थिति उलट दिखी. रूस ने यूक्रेन पर देश में घुसकर एयर स्ट्राइक करने का आरोप लगाया है. रूस का आरोप है कि उसके बेलगोरोद शहर में दो यूक्रेनी हेलिकॉप्टर 25 मील अंदर तक घुस आए और उन्होंने S-8 रॉकेट्स के जरिए तेल डिपो पर अटैक किया है. रूसी अधिकारी याकेस्लाव ग्लाडकोव ने कहा कि यूक्रेन के दो सैन्य हेलिकॉप्टरों के जरिए यह अटैक किया गया है.
रूस ने कहा कि रूस का दावा यदि सही है तो दूसरे विश्व युद्ध के बाद यह पहला मौका है, जब रूस में किसी देश ने एयरस्ट्राइक की है. यूक्रेन ने जिस तेल डिपो पर अटैक किया है, उसका संचालन रूस की सरकारी कंपनी रोजनेफ्ट करती है. इस अटैक में कंपनी के दो वर्कर घायल हुए हैं. इसके अलावा आसपास के काफी लोगों को वहां से निकाला गया है ताकि जानमाल के नुकसान को कम किया जा सके. इस हमले का वीडियो सोशल मीडिया पर भी शेयर किया गया है.
इधर यूक्रेन ने रूस की सेनाओं से दो इलाकों का कब्जा छुड़ाने की बात कही है. यूक्रेन का कहना है कि उसने रणनीतिक तौर पर अहम स्लोबोडा और लुकाशिवका गांवों पर कब्जा जमा लिया है. ये गांव रणनीतिक रूप से अहम हैं और सप्लाई रूट के बीच में पड़ते हैं. वहीं रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने बेलारूस के जरिए यूक्रेन में सैनिकों को भेजना तेज कर दिया है. इसके अलावा रूस का मुख्य फोकस डोनबास इलाके पर कब्जा जमाने पर है. इसी के चलते माना जा रहा है कि रूस की कोशिश यूक्रेन को कोरिया की तरह दो टुकड़ों में बांटने पर है

