पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार जिले में तृणमूल कांग्रेस एक नेता को लकड़ी की तस्करी के आरोप में सोमवार को गिरफ्तार किया गया. पुलिस सूत्रों ने यह जानकारी दी कि तृणमूल कांग्रेस के अनुसूचित जनजाति प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव पासंग लामा को मदारीहाट से गिरफ्तार किया गया. लामा पिछले साल हुए विधानसभा चुनाव (West Bengal Assembly Election) में कालचीनी सीट से तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार थे, लेकिन बीजेपी उम्मीदवार से हार गए थे. अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा पुलिस को उन्हें गिरफ्तार करने का निर्देश दिए जाने के बाद लामा फरार हो गए थे. उन्होंने कहा कि वन विभाग और जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया. अधिकारियों ने जानकारी दी कि लामा के घर छापेमारी के दौरान जंगलों से अवैध रूप से एकत्र की गई लकड़ी और लाखों रुपये का फर्नीचर बरामद हुआ.

