झारखंड के लातेहार जिले के सदर थाना क्षेत्र के हेसलवार जंगल में पुलिस ने टीपीसी के तीन उग्रवादियों के मार गिराए. मारे गए उग्रवादियों में जोनल कमांडर जितेंद्र यादव, एरिया कमांडर चंचल सिंह व एक की पहचान नहीं हुई है. पुलिस ने मौके से एसएलआर की एक राइफल और 150 गोली बरामद की है. बताया गया है कि लातेहार जिले के पुलिस के वरीय अधिकारी को गुप्त सूचना मिली थी कि टीपीसी उग्रवादी हेसलवार जंगल में जमा हुए हैं और किसी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं. इसके बाद पुलिस द्वारा सर्च अभियान चलाया गया. इसी दौरान पुलिस को देखते ही उग्रवादियों ने गोलीबारी शुरू कर दी.
जानकारी के अनुसार पुलिस और टीपीसी उग्रवादियों के बीच मुठभेड़ में दोनों ओर से करीब डेढ़ घंटे गोलीबारी हुई. बाद में पुलिस को भारी पड़ता देख उग्रवादी घने जंगल का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे. पुलिस उग्रवादियों की धड़पकड़ के लिए जंगल में तलाशी अभियान चला रही है.

