झारखण्ड में विश्वविद्यालयों की कार्यशैली से राज्यपाल खुश नहीं है. बुधवार को उन्होंने कहा की सिर्फ आश्वासन से काम नहीं चलेगा. छात्रहित में सभी को हर हाल में प्रतिबद्धता से कार्य करने होंगे. विवि में समय पर परीक्षा का संचालन हो और परीक्षा परिणाम जारी हो, ताकि शैक्षणिक सत्र किसी भी प्रतियोगिता परीक्षा में सम्मिलित होने में बाधा न बने. विवि द्वारा समय पर दीक्षा समारोह नहीं किया जाता है, तो विवि उपाधि उनके घर भेजने की व्यवस्था करे. राज्यपाल मंगलवार को राजभवन में राज्य के विवि के शैक्षणिक एवं प्रशासनिक गतिविधियों की समीक्षा कर रहे थे. राज्यपाल ने समस्याओं के निदान को लेकर गंभीरता दिखाई और कहा की समस्याओं पर काम कीजिये.
राज्यपाल और विश्वविद्यालयो के कुलाधिपति रमेश बैस ने विश्वविद्यालयों में रिक्त पदों को अविलम्ब भरने को कहा. कहा कि किसी भी विवि में कुलसचिव, उप कुलसचिव, परीक्षा नियंत्रक, वित्त पदाधिकारी जैसे पदों का रिक्त रहना उचित नहीं है. उन्होंने चांसलर पोर्टल को और प्रभावी बनाने को कहा. कहा कि नयी शिक्षा नीति को लेकर सभी विवि कार्यशाला, सेमिनार आदि का आयोजन करें.

