धनबाद : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर तेजस्विनी परियोजना के तहत धनबाद के गोसाईडीह सबलपुर रोड पर निर्मित वोकेशनल स्किल्स ट्रेंनिंग सेंटर का विडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से ऑनलाइन उद्घाटन किया. मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं को प्रोत्साहन देना सरकार की प्राथमिकताओं में है.उन्हें समान अधिकार मिलना चाहिए. हम महिला सशक्तिकरण की बात करते हैं, लेकिन अभी भी कई क्षेत्रों में महिलाओं को आगे लाने और उन्हें अपने साथ लेकर चलने के लिए प्रेरित करने की आवश्यकता है.
इस अवसर पर उपायुक्त संदीप सिंह ने सेंटर की योजना और उद्देश्य बताये. कहा कि महिलाओं को सामाजिक और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना इस सेंटर का उद्देश्य है. सेंटर में आने वाली महिलाओं को जिस परियोजना में रुचि होगी उसमें कुशल बनाने के लिए उन्हें प्रशिक्षण दिया जाएगा. यह झारखण्ड सरकार की महत्वकांक्षी परियोजना है. सेंटर में एनआईएफए द्वारा लॉजिस्टिक इन्वेंटरी क्लर्क सहित अन्य परियोजनाओं का प्रशिक्षण दिया जाएगा. प्रशिक्षण प्राप्त करने के उपरांत प्रशिक्षणार्थियों के लिए सम्बंधित कंपनी जॉब की व्यवस्था भी सुनिश्चित कराएगी.
उपायुक्त व उप विकास आयुक्त ने किशोरियों, डीआईओ सुनीता तुलस्यान, डीपीआरओ ईशा खंडेलवाल, डीएसडब्ल्यूओ श्रीमती स्नेह कश्यप, तेजस्विनी क्लब की पर्यवेक्षिकाओं, बलियापुर, निरसा व अन्य प्रखंडों की सीडीपीओ को पुष्पगुच्छ, शॉल एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया.

