जम्मू-कश्मीर में श्रीनगर के व्यस्त इलाका अमीरा कदल कमर्शियल जोन में रविवार को ग्रेनेड फेंका गया. जिसमे एक की मौत हो गई है और कई लोगों को घायल होने की सूचना है. एक पुलिस अधिकारी के अनुसार “शाम चार बजकर 20 मिनट पर आतंकवादियों ने हरि सिंह हाई स्ट्रीट पर तैनात पुलिस और सुरक्षाबलों पर एक ग्रेनेड से हमला किया.’ घटना में एक पुलिसकर्मी और 10 अन्य लोग घायल हो गए. घायलों को श्री महाराजा हरि सिंह अस्पताल में भर्ती किया गया है. अधिकारी ने कहा कि इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और दोषियों को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं. हमला का उद्देश्य ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा बलों और पुलिसकर्मियों को निशाना बनाना था. अमीरा कदल एक भीडभाड वाला कमर्शियल जोन है .
सीआरपीएफ के डीआईजी किशोर प्रसाद ने कहा कि हमला हरि सिंह हाई स्ट्रीट पर हुआ, जहां सुरक्षा बलों का एक दल ड्यूटी पर तैनात है, इस घटना में कोई जवान घायल नहीं हुआ. उन्होंने कहा, कुछ नागरिकों को चोटें आई हैं. इसके तुरंत बाद, श्रीनगर के मेयर जुनैद अजीम मट्टू ने ट्विटर पर लिखा, ‘हरि सिंह हाई स्ट्रीट पर ग्रेनेड हमले की कड़ी निंदा करता हूं और इस बर्बर, संवेदनहीन आतंकी हमले में घायल लोगों के लिए मेरी प्रार्थना है.

